हादसा: थाने के छत का प्लास्टर गिरा, पुलिस जवान घायल, Accident: Plaster of the police station's roof fell, police personnel injured.
हादसा: थाने के छत का प्लास्टर गिरा, पुलिस जवान घायल
भिंड (मध्यप्रदेश): भिंड जिले के उमरी थाना परिसर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। थाने की इमारत की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में उत्तर प्रदेश पुलिस का एक हेड कांस्टेबल आ गया। हादसे में जवान के सिर पर गंभीर चोट आई और उसे तत्काल जिला चिकित्सालय पहुँचाया गया, जहां तीन टांके लगाए गए। फिलहाल घायल जवान खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में पदस्थ हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र राजपूत उमरी थाना अंतर्गत बीशनपुरा गांव निवासी एक व्यक्ति को नोटिस तामील कराने पहुंचे थे। थाने के भीतर बैठक दीर्घा में बैठते ही छत का बड़ा हिस्सा टूटकर उनके ऊपर गिर गया। भारी प्लास्टर और पत्थरनुमा टुकड़े सिर पर लगने से उन्हें गहरी चोट आई और खून बहने लगा।
Our YT Channel: BHARATAM NEWS
आनन-फानन में इलाज
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल जवान को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनके सिर में तीन टांके लगाए। राहत की बात यह रही कि समय पर इलाज मिलने से जवान की जान बच गई।
इमारत की हालत पर सवाल
स्थानीय पुलिसकर्मियों में इस घटना से दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि उमरी थाना की नई इमारत का निर्माण वर्ष 2012 में कराया गया था। मात्र 13 साल बाद ही छत और दीवारों का प्लास्टर झड़ने लगा है। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। थाने में पदस्थ दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी अब असुरक्षा की आशंका जता रहे हैं।
Our YT Channel: BHARATAM NEWS



कोई टिप्पणी नहीं