हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन लोग जिंदा जले,Three members of a family were burnt alive after coming in contact with a high tension line.
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन लोग जिंदा जले दर्शन करने बाइक से मंदिर जा रहे थे
बालाघाट(मप्र)- बालाघाट में बिजली के तार की चपेट में आने से तीन लोग जिंदा जल गए। ये हादसा लांजी थाना इलाके में मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे हुआ है। तीनों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और वे बाइक से देवलगांव के दुर्गा मंदिर जा रहे थे।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान सर्रा निवासी सेवकराम पांचे (30 वर्ष), उनकी पत्नी रेणुका पांचे (28 वर्ष) और भाई भोजराज पांचे (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
तार पर गिरी पेड़ की डाली - विधायक
घटना की सूचना मिलते ही लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि इलाके में दो दिन से तेज बारिश हो रही है। बिजली विभाग ने मानसून से पहले मेंटेनेस भी कराया था लेकिन घना जंगल होने की वजह से पूरी तरह से पेड़ों की छटाई करना संभव नहीं है। जिस जगह पर यह हादसा हुआ, वहां बिजली के तार सड़क के ऊपर से गुजरे हुए हैं। जो पेड़ की डाली गिरने की वजह से टूटकर सड़क पर आ गिरे थे।
हाईटेंशन लाइन पर डाली टूटकर गिरी - एसडीएम
एसडीएम कमलचंद्र सिंहसार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन के ऊपर पेड़ की डाली टूटकर गिर गई जिससे तार टूटकर सड़क पर आ गया। इसी दौरान मंदिर जा रहे लोगों की बाइक उसमें उलझ गई। बिजली सप्लाई चालू होने की वजह से बाइक ने आग पकड़ ली और बाइक सवार तीनों लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। उन तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस, बिजली कंपनी का अमला और लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे मौके पर पहुंच गए। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए लांजी पहुंचाया गया।
क्या बताया पुलिस ने?
लांजी थाना प्रभारी विभेंदु टांडिया ने बताया कि इलाके में मंगलवार सुबह तेज आंधी आई थी और लगातार बारिश हो रही है। बिजली सप्लाई बंद करा दी गई है। हम आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।



कोई टिप्पणी नहीं