शिक्षिका ने रविवार के कारण मैसेज पर ध्यान नहीं दिया और सो गई, अगले दिन 19 लाख की हो गई ठगी,The teacher did not pay attention to the message because it was Sunday and went to sleep, the next day she was cheated of Rs 19 lakh.
शिक्षिका ने रविवार के कारण मैसेज पर ध्यान नहीं दिया और सो गई अगले दिन 19 लाख की हो गई ठगी
•एपीके फाइल भेजकर साइबर ठगी का नया तरीका
•टीचर की 13 एफडी पर ले लिया 19 लाख का लोन
•उन्हें यह पता नहीं था कि एफडी पर भी लोन होता है
एक शिक्षिका के साथ साइबर ठगी का नया तरीका प्रकाश में आया है। ठगों ने उनके फोन पर एपीके (apk) फाइल भेजकर उनकी एफडी पर करीब 19 लाख रुपए से ज्यादा का ऋण ले लिया। शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। अंग्रेजी में मैसेज और रविवार का दिन था इसलिए टीचर ने उसपर ध्यान नहीं दिया और सो गई। अगले दिन शिक्षिका के साथ 19 लाख की ठगी हो गई। मध्य प्रदेश के खंडवा से यह साइबर ठगी का चौकाने वाला तरीका सामने आया है।
खंडवा (मप्र)- अब साइबर ठग लोगों को ठगने का नया तरीका निकालकर ठगी करने लगे हैं। एक साइबर ठगी रामनगर निवासी, गुड़ी माध्यमिक स्कूल की शिक्षिका रजनी उपाध्याय के साथ हुई है। ठगों ने उनके फोन के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर एपीके (apk) फाइल भेजकर उनकी अलग-अलग एफडी पर करीब 19 लाख रुपए से ज्यादा का लोन ले लिया। शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
एपीके (apk) फाइल से ठगी
शिक्षिका के बताए अनुसार 20 और 21 अप्रैल को उनके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है। फोन पर एपीके फाइल आई उसे डाउनलोड नहीं किया लेकिन पता नहीं वह आटो रन हुई या क्या हुआ। फोन से अपने आप 20 अप्रैल को आठ लाख 85 हजार रुपए का लेनदेन हो गया। इसके बाद एक मैसेज आया जो पढ़ नहीं पाई। 21 तारीख को बैंक ऑफ महाराष्ट्र से मैसेज आया कि आपके खाते में तीन लाख 80 हजार रुपए का ऋण क्रेडिट हुआ है। मैसेज अंग्रेजी में था तो मैंने ध्यान नहीं दिया कि एफडी पर भी कोई ऋण होता है। उस दिन रविवार था, इसलिए मैंने इतना ध्यान नहीं दिया और सो गई।
खाते में थे 06 हजार और दिखा रहा था 49 हजार
शिक्षिका के अनुसार सोमवार को मैं ड्यूटी पर गुड़ी खेड़ा आई, तभी फिर से मेरे मोबाइल पर लेनदेन होना शुरू हो गया। बैलेंस चेक किया, मेरे खाते में छह हजार रुपए थे, लेकिन उसमें 49 हजार रुपए दिखा रहा था। इसके बाद सर्कल घूमने लगा। मुझे चिंता हुई कि खाते में इतना बैलेंस कैसे आ रहा है। मैंने बैंक मैनेजर को बताया तो उन्होंने बताया कि आपकी एफडी पर 10 लाख रुपए का ऋण लिया गया है, जिसकी जानकारी मुझे नहीं थी। बैंक वालों ने कहा कि इसकी शिकायत आप साइबर सेल में कीजिए। इसके बाद मेरे पास 20 लाख रुपए का स्टेटमेंट आने लगा। शिक्षिका ने कहा कि मैं 2007 से माध्यमिक स्कूल गुड़ी खेड़ा में शिक्षिका के पद पर पदस्थ हूं। वेतन आते ही मैं उसकी एफडी करवाती थी, इस तरह मैंने अलग-अलग 13 एफडी करवाई थीं। ठगों ने अलग-अलग एफडी पर कुल 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है।




कोई टिप्पणी नहीं