जमीन विवाद को लेकर चले कुल्हाड़ी-फरसा में एक की मौत, पढ़ें पूरा मामला, One person died in axe-axe fight over land, read the full story.
जमीन विवाद को लेकर चले कुल्हाड़ी-फरसा में एक की मौत, पढ़ें पूरा मामला
•एमपी में जमीन को लेकर चले फरसा-कुल्हाड़ी
•संघर्ष में एक की हो गई मौत
•पुलिस को पहले ही दी थी सूचना
•जमीनी विवाद को लेकर हुई वारदात
•मृतक के घर छाया मातम, महिलाएं बिलखती रहीं
•हत्या और जानलेवा हमले में 11 पर मुकदमा हुआ दर्ज
एक गांव में जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। ट्रैक्टर से खेत जोतने को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पर कुल्हाड़ी, फरसा और लाठी से हमला कर दिया। बताया गया है कि पुलिस को एक दिन पहले ही इस विवाद की जानकारी दे दी गई थी लेकिन समय पर कार्रवाई न होने से ये मामला हिंसक हो गया।
गुना(मप्र)- मध्यप्रदेश में गुना जिले के लंबाचक गांव में जमीनी विवाद इस कदर बढ़ गया कि उसने खूनी मोड़ ले लिया। दरअसल, ट्रैक्टर से खेत जोतने को लेकर शुरू हुआ विवाद जब बढ़ गया तो एक कुटुंब के ही एक पक्ष ने दूसरे पर कुल्हाड़ी, फरसा और लाठी से हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस विवाद की जानकारी एक दिन पहले ही पुलिस को दे दी गई थी लेकिन समय पर कार्रवाई न होने से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
जमीन विवाद के चलते हुआ खूनी संघर्ष
गुना जिले में मृगवास थाना क्षेत्र की सानई पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले लंबाचक गांव में रविवार सुबह जमीन विवाद के चलते खूनी संघर्ष हो गया जिसमें रामलखन मीणा (25 वर्ष) नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके पिता, भाई व एक अन्य रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए।
आखिर क्या था पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी अनुसार यह हमला उसी कुटुंब के हरिसिंह मीणा और सहयोगियों द्वारा किया गया जिसमें कुल 10–12 लोगों ने कुल्हाड़ी, फरसा, लाठी और पत्थरों से हमला किया। मृतक रामलखन के अलावा अरविंद मीणा, भारत सिंह, प्रेमनारायण और शिवनारायण मीणा भी घायल हुए हैं। इनमें से अरविंद की हालत गंभीर होने के कारण उसे भोपाल रेफर किया गया। पीड़ित परिवार के प्रेमनारायण मीणा ने बताया कि उनके पास कुल सवा पांच बीघा जमीन है जिसमें से हरिसिंह मीणा पौने दो बीघा पर जबरन कब्जा करना चाहता था। प्रेमनारायण ने बताया कि उन्होंने हरिसिंह से कहा था कि वह जमीन की नपती कराकर जो हिस्सा निकले वो ले ले । लेकिन हरिसिंह ने नपती कराने से इनकार कर दिया और रविवार सुबह ट्रैक्टर लेकर खेत को जोतने पहुंच गया। इस पर जब रामलखन और परिवार के अन्य सदस्य विरोध करने पहुंचे तो हरिसिंह और उसके साथियों ने उनपर हमला कर दिया। घायल प्रेमनारायण मीणा का आरोप है कि उन्होंने एक दिन पहले ही सानई पुलिस को इस आशंका की सूचना दे दी थी लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
11 पर हुआ मुकदमा दर्ज
घटना के बाद से गांव में तनाव फैल गया जिसे देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया। गुना सीएसपी भरत नोटिया ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। मृतक रामलखन के परिवार में मातम छाया हुआ है, परिवार की महिलाएं अस्पताल में बिलखती नजर आईं।
क्या कहा पुलिस ने?
सानई चौकी प्रभारी नीरज लोधी के बताए अनुसार रामलखन की मौत कमर में गहरी चोट के कारण हुई है। हरिसिंह पक्ष के भी चार लोग घायल हुए हैं। हत्या, जानलेवा हमला और अन्य धाराओं में 11 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई जारी है।





कोई टिप्पणी नहीं