जमीनी विवाद में छोटे भाई ने मां और बड़े भाई की ले ली जान.Younger brother took the lives of mother and elder brother in a land dispute.
जमीनी विवाद में छोटे भाई ने मां और बड़े भाई की ले ली जान जमीन बेचने से मिले पैसे मांग रहा था आरोपी
कहां की है बात?
एमपी के शिवपुरी में आरोपी ने अपनी 110 साल की मां पर फावड़े से हमला कर दिया और बीच-बचाव करने आए बड़े भाई पर भी आरोपी ने कई वार कर दिए। दोनों ने ही मौके पर दम तोड़ दिया। जब तक परिजन पहुंचते तब तक आरोपी भाग निकला। आरोपी राजा का अपनी मां से जमीन के सौदे को लेकर विवाद चल रहा था। भतीजा बोला-फावड़े से मारकर भागे हैं चाचा।
ये मामला शिवपुरी जिले के घिलौंदरा गांव में सोमवार की सुबह सात बजे का बताया जा रहा है। प्राथमिक तौर पर तो जमीनी विवाद को झगड़े की वजह बताया गया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
किसकी हुई है मौत ?
पुलिस के अनुसार घिलौंदरा में रहने वाली दिलीप कौर के चार बेटे थे। पति लाभ सिंह की कुछ साल पहले मौत हो गई। उनके बड़े बेटे दर्शन सिंह (70) और छोटे बेटे राजवंत उर्फ राजा (50) की शादी नहीं हुई थी। वे मां के साथ ही रहते थे। बाकी दोनों बेटों की शादी के बाद वे उसी गांव में अलग रहने लगे थे।
जमीन का कर दिया था बंटवारा
राजा के भाई दर्शन ने जमीन बेची थी जिसमें आरोपी राजा हिस्सा मांग रहा था ।बंटवारे के बाद दर्शन और राजा के हिस्से में 18 बीघा जमीन आई थी। कुछ साल पहले राजवंत उर्फ राजा ने अपने हिस्से की 7 बीघा जमीन बेची थी। दर्शन सिंह ने भी कुछ दिन पहले अपने हिस्से की जमीन का सौदा तय कर दिया था। अभी पैसे मिलना बाकी थे।
कौन से पैसों में मांग रहा था हिस्सा?
आरोपी राजा बड़े भाई दर्शन को मिलने वाले पैसों में हिस्सा मांग रहा था। उनकी मां दिलीप कौर इसके विरोध में थी। वह चाहती थी कि जमीन का पूरा पैसा बड़े बेटे दर्शन को मिले। बस,यही वजह थी कि दिलीप कौर ने जमीन खरीदने वाले शख्स को राजा को पैसे देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर राजा अपनी मां से बेहद नाराज चल रहा था।
मां-भाई को जमीन पर गिरने तक मारता रहा
सोमवार की सुबह राजा का अपनी मां से पैसे की बात को लेकर विवाद हो गया। बहस के बाद उसने पास ही पड़े फावड़े से मां पर हमला कर दिया। शोर सुनकर दर्शन सिंह अपनी मां को बचाने आया तो राजा ने उस पर भी फावड़े से हमला कर दिया। आरोपी राजा,तब तक दोनों को मारता रहा, जब तक कि वे दोनों जमीन पर नहीं गिर गए। घटना को राजा और दर्शन के भतीजे ने देख लिया था। वह भागकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को इसकी जानकारी दी। उसने कहा कि चाचा ,दादी को मारकर भाग गए।
जल्द गिरफ्तार करेंगे- पुलिस
पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने कहा है कि मां और बड़े भाई की हत्या करने वाले राजवंत उर्फ राजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार कर लेगी। प्रथम दृष्ट्या हत्या की वजह जमीनी और घरेलू विवाद सामने आई है। पुलिस की कार्रवाई जारी है।





कोई टिप्पणी नहीं