'एक दिन मर जाऊं...' भजन पर नाचते हुए शिक्षक ने पत्नी के सामने ही तोड़ा दम, 'One day I may die...' teacher dies in front of wife while dancing on bhajan.
'एक दिन मर जाऊं...' भजन पर नाचते हुए शिक्षक ने पत्नी के सामने ही तोड़ा दम
45 वर्षीय शासकीय शिक्षक मन्नाराम की एक कार्यक्रम में डांस करते समय अचानक मौत हो गई. दरअसल, मृतक शिक्षक के बड़े भाई के रिटायरमेंट पर भजन संध्या का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में शिक्षक खुशी से डांस कर रहे थे.
राजस्थान के जयपुर में 45 वर्षीय शासकीय शिक्षक की एक कार्यक्रम में डांस करते उस समय अचानक मौत हो गई जब वे अपने बड़े भाई के रिटायरमेंट पर हुए भजन संध्या के आयोजन में खुशी से डांस कर रहे थे. नाचते-नाचते ही अचानक वह लड़खड़ाकर गिरे और फिर वापस खड़े नहीं हो पाए.
भजन पर नाचते हुए हुई शिक्षक की मौत
कार्यक्रम में लोगों को यह स्थिति समझने में देर नहीं लगी और कार्यक्रम को बीच में ही रोककर करीब 10 मिनट तक उन्हें सीपीआर दिया गया. मुंह से भी सांस देने की प्रयास हुआ, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह घटना जयपुर के रेणवाल के भैंसलाना गांव की बताई गई है.
भाई के रिटायरमेंट का था कार्यक्रम
भैंसलाना स्थित जालबली, बालाजी मंदिर में शुक्रवार की रात शिक्षक के बड़े भाई के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में भजन संध्या का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर 45 वर्षीय शिक्षक मन्नाराम जाखड़ भी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए शुक्रवार सुबह ही अपने पैतृक गांव भैंसलाना पहुंचे थे. मृतक शिक्षक ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुंडोती से शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए अपने बड़े भाई मंगल जाखड़ को बधाई देने के लिए भजन संध्या में भाग लिया. सबकी उपस्थिति एवं भक्तिमय माहौल में शिक्षक मन्नाराम खुद को नाचने से रोक नहीं पाए और पहले चार-पांच भजनों पर खूब नाचे और फिर बाद में थोड़ी देर बाद बैठ गए.
पत्नी के सामने ही तोड़ा दम
रात करीब 12 बजे भजन गायकों के गाए 'इक दिन मर जाऊं ला कानूड़ा, धारी मुस्कान के मारे...' भजन पर मन्नाराम फिर नाचने लगे, लेकिन कुछ ही पलों में वे गिर पड़े. पहले लोगों ने इसे नृत्य का हिस्सा ही समझा, लेकिन कुछ लोगों ने समझदारी दिखाते हुए उन्हें सांस देने का प्रयास किया. इसके बाद तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कुछ पलों में ही बदल गया माहौल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मन्नाराम जोधपुर जिले के जुड़ गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में सामाजिक विज्ञान के शिक्षक थे. घटना से कुछ ही मिनट पहले उन्होंने पत्नी सहित पूरे परिवार के साथ भी डांस किया था। शिक्षक की मौत की खबर से पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। एकाएक हुई इस घटना पर किसी को यकीन ही नहीं हो रहा है. रिटायरमेंट पर शनिवार को बालाजी महाराज की सवामणी का कार्यक्रम होना था, लेकिन अब चारों तरफ शोक का माहौल व्याप्त है.
देखें वायरल वीडियो: Source:Social Media






कोई टिप्पणी नहीं