Wi-Fi न देने से गुस्साए पति ने पत्नी का मर्डर कर डाला, डेटा के चक्कर में बेटा को भूला जालिम,Angered by not providing Wi-Fi, the husband murdered his wife,the cruel man forgot his son in the interest of data.
क्या है माजरा?
अजय ने अपनी पत्नी रेखा से मोबाइल हॉट स्पॉट ऑन कर उससे अपना डेटा शेयर करने को कहा । पत्नी घर के काम में व्यस्त थी सो उसने कह दिया कि वो काम खत्म करके ही हॉट स्पॉट ऑन कर पाएगी। ये बात सुनकर अजय ऐसा भड़का कि उसने तेज धार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया।
•हॉट स्पॉट नहीं दिया तो कर दिया मर्डर
•रोहतक में घटा है ये अजीब वाकया
•पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
क्या कोई किसी की सिर्फ इस बात पर हत्या कर सकता है कि कोई उससे Wi-fi शेयर करने से इनकार कर दे? यकीन करना तो मुश्किल है मगर हरियाणा के रोहतक में ऐसा एक वाकया हुआ है। अजय नाम के एक शख्स ने अपनी बीवी रेखा को सिर्फ इसलिये मौत के घाट उतार दिया क्योंकि उसने पति को मोबाइल पर हॉट-स्पॉट देने से इनकार कर दिया। ये कत्ल करते समय उसे इतना भी ख्याल नहीं रहा कि बीवी के मरने के बाद उसके बच्चों का क्या होगा? ऐसा करके उसने अपना परिवार तबाह कर लिया ।
भला,इतनी सी बात पर कोई मर्डर कर देता है ?
घटना 30 जुलाई की है। रोहतक के मदीना गांव में अजय अपने परिवार के साथ रहता था । वो अपना मोबाइल इस्तेमाल कर रहा था। उसका डेटा खत्म हो जाने से वो इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं कर पा रहा था। उसने अपनी पत्नी रेखा से मोबाइल हॉट स्पॉट ऑन कर वाईफाई के जरिये डेटा शेयर करने को कहा। अजय की पत्नी घर के रोजमर्रा के काम में व्यस्त थी, उसने कह दिया कि वो काम खत्म करके ही हॉट स्पॉट ऑन कर पाएगी। ये बात सुनकर अजय भड़क उठा और उसके दिमाग पर ऐसा खून सवार हुआ कि उसने तेज धार हथियार से पत्नी पर घर के आंगन में ही हमला कर दिया। रेखा लहुलूहान होकर फर्श पर गिर गई। मगर ये क्रूर पति अपनी बीवी पर तब तक वार करता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
हत्या करके वहीं छिप गया कातिल
हत्या करने के बाद अजय घर से भाग गया और गांव में ही थोड़ी दूर जाकर छिपकर बैठ गया। दरअसल,वो देखना चाहता था कि बीवी पर हुए इस जानलेवा हमले के बाद वहां क्या होता है? बीवी की चीखें सुनकर थोड़ी ही देर बाद पड़ोसी उसके घर पर पहुंच गये और पुलिस को सूचना दे दी । इस बीच लहुलूहान हालत में उसकी बीवी रेखा काफी देर तक घटनास्थल पर पड़ी रही। जब तक पुलिस आती और उसे अस्पताल ले जाया जाता रेखा ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने रेखा के पति अजय की तलाश शुरू की, तो वो घर से गायब मिला, तो रेखा की हत्या की वजह जानना पुलिस के लिये एक पहेली थी। तलाश करने पर अजय मदीना गांव के ही खेतों में छिपा हुआ मिला, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
वजह जान कर पुलिस भी हैरान
पुलिस ने अजय पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही रेखा के शव की पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद की जांच और पूछताछ के बाद जब कत्ल की वजह पता चली तो पुलिस हैरान रह गई। मालूम हुआ कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे महज पत्नी का अपने पति को हॉट स्पॉट देने से इनकार करना था।
अकबरपुर थाने के जांच अधिकारी जय भगवान ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि "अजय ने ही अपनी पत्नी का मर्डर किया है। उसने अपनी पत्नी के ऊपर कई बार वार किए। ये घटना पति-पत्नी के बीच Hotspot देने को लेकर शुरु हुए झगड़े के बाद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।" हालांकि गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब ये जानने की कोशिश कर रही है कि हत्या की असली वजह हॉट स्पॉट देना ही थी या फिर इसके पीछे कोई और कारण भी है? कहीं ऐसा न हो कि पति-पत्नी के बीच कोई और विवाद चल रहा हो और आखिर में कत्ल की वजह वाई-फाई कनेक्शन न देना बन गया हो? पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।







कोई टिप्पणी नहीं