बदमाश ने प्रिंसिपल को उनके ऑफिस में घुसकर मारी गोली, वीडियो वायरल,The miscreant entered the principal's office and shot him.Video viral.
बदमाश ने प्रिंसिपल को उनके ऑफिस में घुसकर मारी गोली
सांकेतिक फोटो:सोशल मीडिया
बिहार के नालंदा में एक बदमाश ने सरकारी हाई स्कूल के प्रिंसिपल के ऑफिस में घुसकर उन्हें गोली मार दी. बताया गया है कि इस मामले में दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया है. कुल चार बदमाशों की इसमें भूमिका सामने बताई गई है. घटना में प्रभारी प्रिंसिपल घायल हो गए. घटना के बाद उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
ऑफिस में घुसकर प्रिंसिपल को मारी गोली
घटना की प्रारंभिक जांच में ऐसा लगता है कि दहशत फैलाने के उद्देश्य से ही ऐसा किया गया है. स्कूल में घुसकर गोली चलाने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में साफ-साफ दिख रहा है कि बुधवार की सुबह 9.25 बजे एक बदमाश स्कूल परिसर में घुसा. उस समय स्कूल के प्रिंसिपल फोन पर बात कर रहे थे. अचानक अंगोछा लपेटे एक बदमाश हाथ में पिस्तौल लेकर उनके पास आया और उनके पैर में गोली मार दी. प्रिंसिपल के बाएं पैर में गोली लगी है. इसके बाद स्कूल के सहकर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए जहां उन्हें भर्ती कराया गया.
स्कूल में मच गई अफरातफरी
घटना नालंदा के तेलहारा विद्यालय में हुई. गोली लगने से तेलहारा विद्यालय के प्रभारी प्रिंसिपल संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
हिरासत में लिए गए दो संदिग्ध
डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि इस मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना को अंजाम देने में कुल चार बदमाश शामिल पाए गए हैं. प्रभारी प्रिंसिपल को गोली के छर्रे लगे हैं.हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है. आखिर गोली क्यों चलाई गई,अभी तक इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है.
घटना ने नालंदा में पैदा की चिंता की लहर
प्रधानमंत्री का दौरा भी नालंदा विश्वविद्यालय में चल रहा था तो सवाल उठ रहे हैं कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान इतनी कड़ी सुरक्षा होने के बावजूद भी ऐसी घटना कैसे हो सकती है? पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. इस घटना ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं ,बल्कि स्कूलों में बढ़ती असुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है. प्रभारी प्रिंसिपल की हालत में सुधार हो रहा है और उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद है।
देखें वायरल वीडियो:


कोई टिप्पणी नहीं