सड़क सुरक्षा बैठक, सागर में 2 जनवरी को होगी राइडर्स रैली, Road safety meeting, riders rally to be held in Sagar on January 2.
सड़क सुरक्षा बैठक सागर में 2 जनवरी को होगी राइडर्स रैली
सागर में सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने की अपील, हेलमेट और रिफ्लेक्टर पर सख्त निर्देश
कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा बैठक
सागर (मध्यप्रदेश)। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही जनहानि पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर संदीप जीआर ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, यातायात पुलिस अधिकारी एवं जिले के समस्त मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर वाहन डीलर इसमें उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर संदीप जीआर ने सड़क दुर्घटनाओं को गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाना आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि शोरूम पर सर्विसिंग के लिए आने वाले प्रत्येक वाहन चालक को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि हर दोपहिया वाहन की बिक्री पर दो हेलमेट अनिवार्य रूप से दिए जाएं। साथ ही जो वाहन सुरक्षित एवं मानक स्थिति में पाए जाएं, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप सर्विसिंग में छूट प्रदान की जाए।
तकनीकी जांच और रिफ्लेक्टर पर जोर
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए वाहनों की तकनीकी जांच को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। शोरूम पर आने वाले प्रत्येक वाहन में ब्रेक, टायर, हेडलाइट, टेललाइट, इंडिकेटर, साइड मिरर एवं वेक लाइट की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही दोपहिया वाहनों की एचएसआरपी नंबर प्लेट के बॉर्डर पर लाल रंग की रेडियम पट्टी लगाने और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रिफ्लेक्टर टेप अनिवार्य करने के आदेश दिए गए।
जागरूकता अभियान होंगे तेज
पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने डीलरों को निर्देश दिए कि वे शोरूम परिसर में सड़क सुरक्षा से संबंधित वीडियो, स्लोगन एवं पंपलेट लगाएं। वेटिंग एरिया में जागरूकता वीडियो लगातार चलाए जाएं। उन्होंने रात्रिकालीन वाहन चालकों को रिफ्लेक्टर जैकेट के उपयोग के लिए प्रेरित करने, मोबाइल संदेशों के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश प्रसारित करने तथा स्कूलों एवं ग्राम सभाओं में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।
2 जनवरी 2026 को होगी राइडर्स रैली
बैठक में निर्णय लिया गया कि 02 जनवरी 2026 को सागर जिले के प्रमुख नगरों में सड़क सुरक्षा राइडर्स रैली आयोजित की जाएगी। इसके अलावा टोल नाकों पर सड़क सुरक्षा सामग्री के स्टॉल लगाए जाएंगे।
कृषि उपज मंडियों एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था एवं डिवाइडरों की दृश्यता सुधारने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजे जाएंगे।
अंत में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों, वाहन डीलरों एवं नागरिकों से समन्वित प्रयास कर सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने की अपील की।
#भारतमन्यूज #bharatamnews #सागर #collector #mpnews #sagarnews #sagar #spsagar




कोई टिप्पणी नहीं