10 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, Police arrested a permanent warrantee who was absconding for 10 years.
10 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सागर (मप्र)- पुलिस अधीक्षक सागर विकास कुमार शाहवाल द्वारा जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण एवं न्यायालय से जारी स्थाई गिरफ्तारी वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था। आदेश पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा तथा एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना सुरखी पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन कर फरार अपराधियों की तलाश हेतु सुनियोजित प्रयास किए गए।
पकड़ा गया स्थाई वारंटी
अभियान के तहत थाना सुरखी के अपराध क्रमांक 01/2013 धारा 403 भादंवि में 10 वर्षों से फरार स्थायी गिरफ्तारी वारंटी कल्लू उर्फ हिमाचल यादव पिता रामदीन यादव, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम तेरई फाटक, थाना तालबेहट, जिला ललितपुर (उत्तर प्रदेश) की लगातार सक्रियता से तलाश की जा रही थी।
मुखबिर से मिली सूचना
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी मालथौन टोल टैक्स की ओर आ रहा है। सूचना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामू प्रजापति के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मालथौन टोल प्लाज़ा क्षेत्र में घेराबंदी कर रणनीति के तहत जाल बिछाया और परिणाम स्वरूप पुलिस टीम द्वारा फरार स्थायी वारंटी कल्लू उर्फ हिमाचल यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को न्यायालय सागर में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से जेल वारंट जारी कर आरोपी को केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।
किनकी रही सराहनीय भूमिका?
सुरखी पुलिस की यह कार्यवाही न केवल न्यायालय के आदेशों की प्रभावी पालना है, बल्कि अपराधियों के विरुद्ध लगातार की जा रही सख्त मुहिम का सफल उदाहरण भी है।इस सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रामू प्रजापति, आरक्षक कमलेश गुर्जर एवं आरक्षक चालक विकास मिश्रा की त्वरित सजगता, सतर्क भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।


कोई टिप्पणी नहीं