जीजा के सौतेली मां से थे अवैध संबंध,सामूहिक आत्महत्या मामले में आया नया मोड़,Brother in law had illicit relations with step mother, new twist in mass suicide case
जीजा के सौतेली मां से थे अवैध संबंध सामूहिक आत्महत्या मामले में आया नया मोड़
एमपी के अलीराजपुर में पिछले दिनों एक ही परिवार के पांच लोगों की आत्महत्या के मामले में अब एक नया खुलासा हुआ है। मरने वाले युवक के जीजा के अवैध संबंध उसकी सौतेली मां से थे। जीजा ने सौतेली सास के साथ मिलकर ससुर को भी रास्ते से हटाने के लिए जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने आरोपी और उसकी सौतेली सास दोनों को जेल भेज दिया है।
अलीराजपुर जिले के ग्राम रावड़ी में पिछले दिनों एक घर में पति-पत्नी और तीन बच्चों के शव फंदे पर लटके पाए गए थे। पुलिस इस दिल दहलाने वाली घटना की जांच में जुटी ही थी, इस बीच हैरत में डालने वाला एक खुलासा हुआ है। दरअसल फंदे पर पत्नी व बच्चों के साथ लटके पाए गए राकेश के पिता पर करीब डेढ़ माह पहले जानलेवा हमला हुआ था। इस हमले की साजिश राकेश की सौतेली मां और जीजा ने मिलकर रची थी। दोनों के बीच अवैध संबंध थे। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फंदे पर लटके मिले थे पांच शव
आपको बता दें कि कि सोंडवा थाना क्षेत्र के रावड़ी गांव में 30 वर्षीय राकेश, 28 वर्षीय पत्नी ललिता, उनकी 9 वर्षीय बेटी लक्ष्मी, 7 वर्षीय पुत्र प्रकाश और 5 वर्षीय अक्षय के शव गत 1 जुलाई को उनके कच्चे घर में अलग-अलग फंदे पर लटके मिले थे। एक ही परिवार की एक साथ पांच मौतों ने सभी को दहलाकर रख दिया था।
पांचो की लग रही आत्महत्या
प्राप्त जानकारी अनुसार,मामले की जांच SIT कर रही है। शवों के पीएम करने वाले डॉक्टर भी यह साफ कर चुके हैं कि शवों पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए हैं। गले में फंदे के निशान ही मिले। प्रतीत होता है कि पति-पत्नी ने पहले बच्चों को फंदे पर लटकाया, इसके बाद खुद फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस इस मामले में पूरी जांच के बाद ही कुछ कहने की बात कह रही थी। इसी बीच अब एक नया खुलासा हुआ है।
दामाद और छोटी पत्नी ने मिलकर किया हमला
राकेश के पिता जागरिया पर पिछले माह 16-17 मई की दरमियानी रात घर के बाहर सोते समय जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें उपचार के लिए गुजरात के दाहोद में भर्ती कराया गया। पुलिस इस मामले की जांच में भी जुटी थी। 20-22 लोगों के बयान और जांच के बाद सामने आया कि जागरिया पर हमला उसकी पहली पत्नी की बेटी के पति गमरसिंह उर्फ गमरिया निवासी ग्राम मोराजी ने किया था।
उसके,सौतेली सास से थे अवैध संबंध
आरोपी गमरिया ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि चार-पांच वर्षों से उसके ,सास दयली (जागरिया की दूसरी पत्नी) से अवैध संबंध थे। जब भी जागरिया अपनी पत्नी को लेकर गुजरात मजदूरी करने जाता तो वहां गमरिया भी पहुंच जाता था। इस दौरान दयली ने उसे जागरिया को रास्ते से हटाने के लिए उकसाया तथा कहा कि उसे मारने के बाद दोनों गुजरात में साथ में रहेंगे।
ससुर को रास्ते से हटाने की रची साजिश
घटना की रात गमरिया अपने साथी बारला के साथ ग्राम उमराली में शादी देखकर रावड़ी पहुंचा। जागरिया को घर के बाहर सोते देख उसने उस पर किसी हथियार से हमला कर दिया । दो वार करने के बाद जब जागरिया लहूलुहान हो गया, उसे मरा समझकर दोनों आरोपी भाग गए।
पुलिस ने गमरिया और दयली दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। बारला की तलाश जारी है। इस मामले में मृतक राकेश फरियादी था।
आत्महत्या के पीछे अवैध संबंध तो कारण नहीं?
सामूहिक मौतों के मामले में अब तक की जांच खुदकुशी की ओर इशारा कर रही है। पुलिस अब इस पड़ताल में भी जुट गई है कि इस आत्महत्या के पीछे कहीं यह अवैध संबंध तो कारण नहीं था। ग्रामीणों ने बताया कि राकेश इस घटना से पहले भी खुदकुशी का प्रयास कर चुका था। संभवतः किसी कारण से वह बेहद क्षुब्ध चल रहा था। पुलिस मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है।
क्या कहा एसपी ने?
राजेश व्यास, पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर ने बताया कि पीड़ित की दूसरी पत्नी और दामाद के बीच अवैध संबंध के चलते उसपर प्राणघातक हमला किया गया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पांच सामूहिक मौतों के मामले में FSL और PM रिपोर्ट मिल चुकी है। जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।

.jpeg)
.jpeg)


.jpeg)
कोई टिप्पणी नहीं